छत्तीसगढ़राज्य

मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह….

रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ परिवार, समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि देश के विकास की मजबूत नींव बच्चों और युवाओं से तैयार होती है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के माध्यम से स्वयं को विकसित करने का प्रयास करना चाहिए। जब व्यक्ति स्वयं आगे बढ़ता है, तो उसका परिवार, समाज और अंततः पूरा देश प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “गुरुजनों के बताए रास्ते पर चलकर अपने भविष्य के साथ देश का नाम भी रोशन करना है।” उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भीतर प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के अवसर मिलें। इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन मंत्री ने कहा कि विकसित भारत विजन 2047 को सफल बनाने के लिए युवा पीढ़ी को अभी से जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि देश की आने वाली पीढ़ी के सामने विकास के साथ-साथ अनेक सामाजिक चुनौतियां भी हैं।

इन चुनौतियों का सामना शिक्षा, जागरूकता, एकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने विकसित भारत, स्वच्छ भारत, नशामुक्त समाज, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न विषयों को अपनी चित्रकला के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वन मंत्री श्री कश्यप ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके चित्रों के विषय एवं उद्देश्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

चित्रों में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर भारत की तस्वीर दिखाई दी, तो किसी में आधुनिक एवं विकसित भारत का स्वरूप उकेरा गया।विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया कि वे भविष्य के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। प्रदर्शनी ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं शिक्षकों का भी ध्यान आकर्षित किया।

इसी अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों के सामने छात्र डेविड नेताम द्वारा विकसित भारत, विद्या सोनवानी द्वारा नशा मुक्ति और सूरज पोटाई द्वारा स्वच्छ भारत सुंदर भारत पर भाषण दिया गया। बच्चों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वच्छता की आवश्यकता तथा देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति क्षमता की अतिथियों ने सराहना की। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने का अवसर मिला। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने में मदद मिलेगी।

नारायणपुर : मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम में लघु वनोपज के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का भविष्य हैं। इसलिए बच्चों को अपनी पढ़ाई के साथ समाज और राष्ट्र से जुड़े विषयों की जानकारी भी रखनी चाहिए। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ देश के प्रति अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलता है।

ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अतिथियों के समक्ष अपनी रचनात्मकता और विचारों का प्रदर्शन किया। वन मंत्री श्री कश्यप ने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने, गुरुजनों का सम्मान करने और अपने लक्ष्य की ओर ईमानदारी से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की है। विद्यार्थियों को आज से ही अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ना होगा। शिक्षा, अनुशासन, मेहनत, स्वच्छता, नशामुक्ति और आपसी एकता जैसे मूल्यों को अपनाकर युवा देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस आयोजन के माध्यम से ‘मेरे सपनों का भारत’ की परिकल्पना को विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और विचारों से जोड़ने का प्रयास किया गया। चित्रों और भाषणों में बच्चों ने जिस भारत की कल्पना प्रस्तुत की, उसमें स्वच्छता, विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम प्रमुख रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह भरने के साथ उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, चौंबर्स ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज जैन, कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत सीईओ चित्रकांत चाली ली ठाकुर, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, डीके कोशले, प्राचार्य मनोज कुमार बागडे सहित बड़ी संख्या छात्र-छात्रा एवं शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button