Uttarakhand News: योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर सीएम धामी ने जताया शोक, बोले- मां का स्नेह जीवन की अनमोल पूंजी….

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी सावित्रि देवी का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. वे एक गृहिणी थीं और उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं. बीते महीनों में उनका स्वास्थ्य कई बार खराब हुआ था. तब यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ उन्हें देखने अस्पताल भी पहुंचे थे. सावित्रि देवी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्ति किया है.
मुख्यमंत्री धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से प्रार्थना की है कि दिवंगत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और सीएम योगी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
बता दें कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं. वे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव के रहने वाले हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार पंचूर गांव में ही रहता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद बिष्ट का 89 साल की उम्र में करीब 6 साल पहले साल 2020 में निधन हो गया था.