छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

’विष्णु की पाती’ पाकर प्रसन्नचित हुईं ‘ड्रोन दीदी’ भुवनेश्वरी साहू….

रायपुर: प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में शुरू किए गए प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नया आत्मविश्वास जागृत हो रहा है। इसी कड़ी में गुण्डरदेही विकासखण्ड के परसदा डंग की ‘ड्रोन दीदी’ श्रीमती भुवनेश्वरी साहू को मुख्यमंत्री की ओर से विशेष संदेश के रूप में ‘विष्णु की पाती’ प्राप्त हुई है। प्रदेश के मुखिया से आत्मीय संदेश और बधाई पत्र पाकर भुवनेश्वरी साहू की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इस अनमोल संदेश को हमेशा के लिए सहेजने हेतु फोटो फ्रेम कराकर रख लिया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी ’पाती’ के माध्यम से श्रीमती भुवनेश्वरी साहू के आत्मनिर्भरता के प्रयासों की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री श्री साय ने पत्र के माध्यम से भुवनेश्वरी के साथ-साथ उनके पूरे परिवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

’नमो ड्रोन दीदी’ बनकर संवारी अपनी आजीविका

जिले में ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में सक्रिय श्रीमती भुवनेश्वरी साहू ने बताया कि केंद्र व राज्य शासन की महत्वाकांक्षी ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना ने उनके जीवन को एक नई दिशा दी है। योजना के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर वे आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़ीं। खेतों में आधुनिक तरीके से कीटनाशक एवं उर्वरक छिड़काव का कार्य करके वे न केवल किसानों की मदद कर रही हैं, बल्कि आज एक सम्मानजनक व सशक्त आजीविका अर्जित कर अपने परिवार को आर्थिक संबल भी प्रदान कर रही हैं।

’विष्णु की पाती’ को बताया सौभाग्य, फोटो फ्रेम कराकर संजोया

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से प्राप्त ‘विष्णु की पाती’ पर हर्ष व्यक्त करते हुए श्रीमती भुवनेश्वरी साहू ने कहा कि प्रदेश के मुखिया से बधाई संदेश प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ’पाती’ में मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके साथ-साथ उनके पति और बच्चों का भी उल्लेख कर पूरे परिवार को आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी हैं, जिसे पढ़कर पूरा परिवार भावविभोर है। इस पावन संदेश को यादगार बनाए रखने के लिए उन्होंने इसे फोटो फ्रेम कराकर सुरक्षित रखा है।

श्रीमती भुवनेश्वरी साहू ने महिलाओं के सशक्तीकरण और उन्हें तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस तथा आगामी दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button