श्रमिकों के कल्याण से मजबूत होगा विकसित उत्तराखंड : सतपाल महाराज

प्रदेश के विकास में श्रमिकों की भूमिका बेहद अहम है। सड़क, पुल, भवन, विद्यालय और अस्पताल जैसी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण में श्रमिकों का परिश्रम और योगदान महत्वपूर्ण है। उनके जीवन को सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। यह बात कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को एकेश्वर विकासखंड मुख्यालय (पणखेत) में आयोजित श्रमिक कल्याण शिविर में कही।
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित मेगा शिविर का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा। शिक्षा ही बच्चों को बेहतर भविष्य देने और आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिविर में स्वच्छता सामग्री का वितरण परिवारों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने में मददगार होगा। वहीं, पोषण किट से श्रमिक परिवारों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
महाराज ने शिविर में 46 प्रकार की स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है। इससे बीमारियों की समय पर पहचान और उचित उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही हैं।
श्रमिकों को बांटी गईं विभिन्न किट
शिविर में 177 श्रमिकों को शिक्षण सामग्री किट, 160 को स्वच्छता किट और 180 श्रमिकों को पोषण किट वितरित की गईं। आयोजन में कुल 180 श्रमिकों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान सतपाल महाराज ने विभागीय एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाने के बजाय उसका फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस एंबुलेंस का संचालन एकेश्वर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को जरूरत के समय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री ने भाजपा मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथाणी, महामंत्री सुनील रावत, विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शुयश रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र डंडरियाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सत्यराज सिंह, डॉ. मनमोहन घिल्डियाल, अशोक पुंडीर, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा सजवाण, श्रमायुक्त एसएस रांगड़, श्रम निरीक्षक एमके बेलवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश्वर जाशी, महामंत्री पंकज डोबरियाल, मुकेश कंडारी और जिला मंत्री बृजमोहन रावत सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
